Skip to main content

राजस्थान की पूर्व शिक्षा मंत्री और भाजपा विधायक किरण माहेश्वरी का कोरोना से निधन

कोरोना ने एक और राजनेता की जान ले ली। राजस्थान की पूर्व शिक्षा मंत्री और राजसमंद से भाजपा विधायक किरण माहेश्वरी (59) का रविवार देर रात निधन हो गया। उनका गुड़गांव के मेदांता हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। वे 2004 में उदयपुर से लोकसभा सांसद भी चुनी गई थीं। 2009 में उन्होंने उदयपुर से सचिन पायलट के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन हार गईं। इस महामारी से जान गंवाने वाली वे राज्य की दूसरी नेता हैं। इससे पहले भीलवाड़ा की सहाड़ा सीट से कांग्रेस विधायक कैलाश त्रिवेदी का निधन हुआ था।

देश में कोरोना के एक्टिव मरीज फिर एक बार 4.5 लाख से कम हो गए हैं। रविवार राहत भरा रहा और 6579 एक्टिव केस कम हो गए। यह 17 नवंबर के बाद सबसे बड़ी गिरावट है। तब 6685 एक्टिव केस कम हुए थे। बीते 24 घंटे में देश में 39 हजार 36 नए मरीज मिले, 45 हजार 152 ठीक हुए, जबकि 444 की मौत हो गई। देश में कोरोना से अब तक 94.32 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं, 88.46 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.37 लाख मरीजों की मौत हो चुकी है।

राजस्थान सरकार ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए नई गाइडलाइन जारी की है। इसके मुताबिक, 31 दिसंबर तक राज्य के सभी कंटेनमेंट जोन में लॉकडाउन जारी रहेगा। यहां केवल जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग की अलग-अलग टीम हाउस टू हाउस सर्विलांस करेगी। राज्य सरकार ने शाम 8 बजे से सुबह 6 बजे तक कोटा, जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर, भिलवाड़ा, नागौर, पाली, टोंक, सीकर और गंगानगर के शहरी क्षेत्रों में आने वाले टाउन हेडक्वार्टर में भी कर्फ्यू लगा दिया है। यहां मार्केट, सभी तरह के वर्क प्लेस, कॉमर्शियल कॉम्पलैक्स शाम 7 बजे तक बंद करने होंगे।

31 दिसंबर तक स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे
राजस्थान सरकार ने 31 दिसंबर तक राज्य के सभी स्कूल, कॉलेज, एजुकेशन और कोचिंग इंस्टीट्यूट को बंद रखने का फैसला लिया है। इसके अलावा, सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स भी बंद रहेंगे। बड़े स्तर पर कोई भी सोशल, पॉलिटिकल, स्पोर्ट्स, कल्चरल, धार्मिक कार्यक्रम कराने की मंजूरी नहीं मिलेगी।

14 करोड़ टेस्ट पूरे हुए, मरीजों का आंकड़ा 94 लाख के पार

देश में रविवार को कोरोना टेस्टिंग का आंकड़ा 14 करोड़ के पार हो गया। अब तक 14 करोड़ 8 लाख से ज्यादा लोगों की जांच हो चुकी है। इनमें 94 लाख 30 हजार 724 यानी 6.69% लोग संक्रमित पाए गए हैं। पिछले 24 घंटे में 37 हजार 685 नए मरीज बढ़े। 43 हजार 590 लोग ठीक हुए और 419 की मौत हो गई। अभी 4 लाख 46 हजार 658 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। बाकी 88 लाख 44 हजार 751 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 1 लाख 37 हजार 152 हो गई है।

कोरोना अपडेट्स

  • एयरफोर्स ने स्पेशल फ्लाइट के जरिए सेंट्रल एशिया के एक देश में फंसे 50 भारतीय वैज्ञानिकों को रेस्क्यू किया। इनमें से कुछ वैज्ञानिक कोविड पॉजिटिव भी हैं। एयरफोर्स ने इन्हें विशेष सी-17 ग्लोबमास्टर विमान से एयर-लिफ्ट किया। इन सभी को साउथ इंडिया भारत के एक एयरपोर्ट पर लैंड कराकर क्वारैंटाइन किया गया है। ये वैज्ञानिक एक समझौते के तहत सेंट्रल एशिया के एक देश में गए थे।
  • कोरोना की वैक्सीन कोवीशील्ड (Covidshield Vaccine) के गंभीर साइड इफेक्ट होने का आरोप लगा है। चेन्नई में ट्रायल के दौरान वैक्सीन लगवाने वाले एक 40 साल के वॉलंटियर ने यह आरोप लगाया है। कहा कि वैक्सीन का डोज लेने के बाद से उसे न्यूरोलाजिकल समस्याएं (दिमाग से जुड़ी परेशानी) शुरू हो गई हैं। वॉलंटियर ने इसके लिए सीरम इंस्टीट्यूट से 5 करोड़ रुपए का हर्जाना मांगा है।
  • पश्चिम बंगाल के एजुकेशन मिनिस्टर पार्था चटर्जी ने कहा कि फिलहाल स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय खोलने का कोई इरादा नहीं है। छात्रों को जल्द ही पाठ्यक्रम मुहैया करा दिए जाएंगे। ज्यादा फोकस ऑनलाइन एजुकेशन का होगा। यही नहीं हम लोग पहले सेमेस्टर का एग्जाम भी ऑनलाइन ही कराने का विचार कर रहे हैं।
  • जम्मू कश्मीर में सभी स्कूल, कॉलेज और अन्य एजुकेशनल इंस्टीट्यूट 31 दिसंबर तक बंद रहेंगे। क्लास 9-12वीं तक के स्टूडेंट्स वॉलंटियर के तौर पर स्कूल विजिट कर सकते हैं। सिनेमा 50% दर्शकों की क्षमता के साथ खुल सकता है। शादी समारोह में 100 से ज्यादा लोगों के जुटने पर पाबंदी है। सभी तरह के धार्मिक स्थल पब्लिक के लिए खुले रहेंगे। हालांकि इसमें कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। राज्य में बाहर से आने वाले लोगों पर किसी तरह की पाबंदी नहीं रहेगी। हालांकि ऐसे टूरिस्ट को एंटीजन टेस्ट कराना अनिवार्य होगा।
  • गुजरात के राजकोट स्थित कोविड अस्पताल में आग लगने से 5 लोगों की हुई मौत के मामले में मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने जांच के आदेश दिए हैं। मामले में अस्पताल के 5 डॉक्टर्स पर केस दर्ज किया गया है। डीसीपी राजकोट मनोहर सिंह जडेजा ने बताया कि एक बार जांच रिपोर्ट आने के बाद पांचों डॉक्टर्स को अरेस्ट कर लिया जाएगा।

10 दिसंबर तक मरीजों का आंकड़ा 1 करोड़ के पार हो सकता है

पिछले 6 दिनों के डेटा पर नजर डालें तो देश में एक बार फिर से कोरोना मरीजों के मिलने की रफ्तार तेज हो गई है। अब हर दिन 40 से 45 हजार नए मरीज मिल रहे हैं। इसके उलट मरीजों के ठीक होने की रफ्तार धीमी पड़ गई है। पहले जहां, हर दिन 50 हजार लोग ठीक हो रहे थे वहां अब 30 से 35 हजार रिकवरी रह गई है। नए मरीजों के मिलने की मौजूदा रफ्तार अगर बनी रही तो 10 दिसंबर तक देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ के पार हो सकता है।

देश में कोरोना की रफ्तार

  • देश में हर 10 लाख की आबादी में 6700 लोग संक्रमित मिल रहे हैं।
  • इतनी ही आबादी में मरने वालों की संख्या 99 है।
  • हर 10 लाख की आबादी में 100,684 लोगों की जांच हो रही है।
  • भारत में अभी 8,944 मरीज ऐसे हैं जिनकी हालत गंभीर है। मतलब ये ICU और वेंटिलेटर के सहारे हैं।
  • दुनिया में भारत 7वां देश है जहां सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं। मतलब ऐसे मरीज जिनका इलाज चल रहा है।
  • भारत दुनिया का दूसरा सबसे संक्रमित देश है। पहले नंबर पर अमेरिका है। यहां 1.36 करोड़ से ज्यादा लोग संक्रमति हो चुके हैं।
  • दुनिया में सबसे ज्यादा मरीज अब तक भारत में ठीक हो चुके हैं।

5 राज्यों का हाल

1. दिल्ली

राजधानी दिल्ली में संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 9 हजार के पार हो गई है। अब तक 9 हजार 66 लोग दम तोड़ चुके हैं। पिछले 24 घंटे के अंदर 68 मरीजों ने जान गंवाई। 4906 नए मरीज मिले और 6325 लोग रिकवर हुए। इसी के साथ संक्रमितों का आंकड़ा अब 5 लाख 66 हजार 648 हो गया है। इनमें 5 लाख 22 हजार 491 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 35 हजार 91 मरीजों का इलाज चल रहा है।

2. मध्यप्रदेश

राज्य में रविवार को 1514 नए मरीज मिले। 1508 लोग रिकवर हुए और 13 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 4 हजार 745 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 14 हजार 974 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 86 हजार 521 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 3250 हो गई है।

3. गुजरात

राज्य में रविवार को 1564 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 1451 लोग रिकवर हुए और 16 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 8 हजार 278 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 14 हजार 789 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 89 हजार 520 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 3969 हो गई है।

4. राजस्थान

पिछले 24 घंटे के अंदर राज्य में 2581 नए मरीज मिले। 2556 लोग रिकवर हुए और 18 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 65 हजार 386 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 28 हजार 758 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 34 हजार 336 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 2292 हो गई है।

5. महाराष्ट्र

राज्य में रविवार को 5544 नए मरीज मिले। 4362 लोग रिकवर हुए और 85 की मौत हो गई। अब तक 18 लाख 20 हजार 59 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 90 हजार 997 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 16 लाख 80 हजार 926 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 47 हजार 71 हो गई है।



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
माहेश्वरी के निधन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला समेत भाजपा-कांग्रेस के कई नेताओं ने गहरा शोक जताया है। -फाइल फोटो


from Dainik Bhaskar /national/news/coronavirus-outbreak-india-cases-live-news-and-updates-30-november-127963936.html

Comments