Skip to main content

अब तक 20 मरीजों में मिला ब्रिटेन वाला वायरस, नए साल से पहले एक्टिव केस 2.5 लाख से कम होने की उम्मीद

देश में ब्रिटेन में मिले ज्यादा खतरनाक वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है। 13 नए मरीज किस प्रदेश से हैं यह अभी साफ नहीं हो सका है। कल मिले सात मरीजों में से 1-1 यूपी, तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश और तेलंगाना, जबकि तीन कर्नाटक के हैं।

देश में मंगलवार को कोरोना के 20 हजार 529 नए केस आए, 26 हजार 572 मरीज ठीक हुए और 285 की मौत हो गई। इस तरह 6339 एक्टिव केस (इलाज करा रहे मरीज) कम हो गए। अब 2.60 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। दो दिन में 15 हजार 350 एक्टिव केस कम हुए हैं। हालत यही रहे तो अगले दो दिन में 10 से ज्यादा एक्टिव केस कम हो सकते हैं, तब यह आंकड़ा 2.50 लाख से नीचे आ जाएगा। उधर, देशभर में कोरोना टेस्टिंग का कुल आंकड़ा 17 करोड़ के पार हो गया है।

अब तक कुल 1.02 करोड़ केस आ चुके हैं। इनमें से 98.33 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, 1.48 लाख संक्रमित इस महामारी से जान गंवा चुके हैं। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

कोरोना अपडेट्स

  • केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने मंगलवार को कोरोना पर वीकली रिपोर्ट पेश की। उन्होंने बताया कि कोरोना से सबसे ज्यादा 63% पुरुष संक्रमित हुए हैं। कुल संक्रमितों में 37% महिलाएं हैं।
  • उम्र के हिसाब से देखें तो 8% मरीजों की उम्र 17 साल से कम है। 18 से 25 साल के 13%, 26 से 44 साल के 39%, 45 से 60 साल के 26% और 60 साल से अधिक के 14% लोग संक्रमित हुए हैं। कोरोना से जान गंवाने वाले 70% पुरुष और 30% महिलाएं हैं।
  • राजेश भूषण ने कहा कि कोरोना के नए स्ट्रेन आने की खबर सामने आने से पहले देशभर में पांच हजार जिनोम सीक्वेंस की गई है। अब यह संख्या बढ़ाई जा रही है।
  • 9 दिसंबर से 22 दिसंबर के बीच भारत आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों में अगर लक्षण मिलते हैं और वह संक्रमित पाए जाते हैं तो उनके सैंपल जिनोम सिक्वेंसिंग के लिए ICMR के लैब भेजे जाएंगे।
  • अगर ऐसे यात्रियों में लक्षण नहीं पाए जाते तो उनको पांचवें और दसवें दिन RT-PCR टेस्ट करके चेक किया जाएगा। अभी तक केवल ब्रिटेन से आने वाले यात्रियों के बारे में ऐसे दिशा-निर्देश थे।
  • ब्रिटेन और साउथ अफ्रीका में मिले कोरोना के नए स्ट्रेन पर मौजूदा वैक्सीन असर कर सकती हैं। केंद्र सरकार के प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. विजय राघवन ने कहा कि असर नहीं हो ऐसा अब तक कोई प्रमाण नहीं मिला है।
  • महाराष्ट्र के एग्रीकल्चर मिनिस्टर दादाजी भूसे कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी।
  • कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ के किसी भी बीच पर 31 दिसंबर की आधी रात से 2 जनवरी तक लोगों की एंट्री पर बैन रहेगी।
  • मुंबई में 15 जनवरी तक सभी स्कूल बंद रहेंगे। BMC ने इसके लिए आदेश जारी कर दिया है।
  • चंडीगढ़ में न्यू इयर होटल्स और रेस्टोरेंट्स, हॉल या ग्राउंड में क्षमता से आधे लोग ही इकट्‌ठा हो सकेंगे। एक जगह 200 से ज्यादा लोग नहीं जुट पाएंगे। प्रशासन ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं।

5 राज्यों का हाल
1. दिल्ली

यहां मंगलवार को 703 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 850 लोग ठीक हुए और 28 की मौत हो गई। अब तक संक्रमण के 6.24 लाख केस आ चुके हैं। इनमें से 6.07 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं। 10 हजार 502 मरीजों की मौत हो चुकी है, जबकि 6 हजार 122 मरीजों का इलाज चल रहा है।

2. मध्यप्रदेश
यहां मंगलवार को 853 नए संक्रमितों की पहचान हुई। 1122 मरीज ठीक हुए और 10 की मौत हो गई। यहां अब तक कोरोना संक्रमण के 2.40 लाख केस आ चुके हैं। इनमें से 2.26 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं और 3582 की मौत हो चुकी है। अब 9595 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।

3. गुजरात
यहां मंगलवार को 804 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 999 मरीज ठीक हुए और सात की मौत हो गई। अब तक संक्रमण के 2.43 लाख केस आ चुके हैं। इनमें से 2.29 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं। 4295 ने जान गंवाई है, जबकि 9921 का इलाज चल रहा है।

4. राजस्थान
यहां मंगलवार को 626 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई। 1149 मरीज ठीक हुए। छह की मौत हो गई। अब तक 3.06 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2.93 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं। 2683 की मौत हो चुकी है, जबकि 10 हजार 213 मरीजों का इलाज चल रहा है।

5. महाराष्ट्र
यहां मंगलवार को 3018 लोग संक्रमित पाए गए। 5572 लोग ठीक हुए और 68 की मौत हो गई। अब तक 19.25 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 18.20 लाख मरीज ठीक हो चुके। 49 हजार 373 की मौत हुई, जबकि 54 हजार 537 मरीजों का इलाज चल रहा है।



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
Coronavirus Outbreak India Cases LIVE Updates; Maharashtra Pune Madhya Pradesh Indore Rajasthan Uttar Pradesh Haryana Punjab Bihar Novel Corona (COVID 19) Death Toll India Today Mumbai Delhi Coronavirus News


from Dainik Bhaskar /national/news/coronavirus-outbreak-india-cases-live-news-and-updates-30-december-2020-128068138.html

Comments